एसआईआर अभियान को लेकर डाउट क्लियरिंग सत्र, बीएलओ की शंकाओं का किया समाधान, उत्कृष्ट कार्य पर बीएलओ प्रवीण कल्याणी सम्मानित

  • रुड़की में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र शेट ने दिए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश, उत्कृष्ट कार्य पर बीएलओ प्रवीण कल्याणी सम्मानित

रुड़की। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को प्रभावी एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) रुड़की दीपक रामचन्द्र शेट की अध्यक्षता में डाउट क्लियरिंग सत्र आयोजित किया गया। सत्र में एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ एवं आईटी वॉलंटियर्स ने प्रतिभाग किया। इस दौरान एसआईआर अभियान के तहत चल रही विभिन्न गतिविधियों और फील्ड स्तर पर सामने आ रही व्यवहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

नोटिस चरण और डिजिटलीकरण पर हुई चर्चा

बैठक में विशेष रूप से एसआईआर के नोटिस चरण, अभिलेखों के सत्यापन, दस्तावेजों के डिजिटलीकरण तथा फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं पर चर्चा की गई। संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र शेट ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शंकाओं का समाधान करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसलिए प्रत्येक स्तर पर पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाना आवश्यक है।

प्रत्येक नोटिस का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें : शेट

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सभी एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ एवं आईटी वॉलंटियर्स से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रत्येक नोटिस का समयबद्ध निस्तारण करने तथा संबंधित अभिलेखों का सही तरीके से डिजिटलीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए, ताकि कार्य की गुणवत्ता प्रभावित न हो और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूरी की जा सकें।

उत्कृष्ट कार्य के लिए बीएलओ प्रवीण कल्याणी सम्मानित

इस अवसर पर एसआईआर अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बीएलओ प्रवीण कल्याणी, बूथ संख्या-120, विधानसभा रुड़की को सम्मानित किया गया। प्रवीण कल्याणी ने रुड़की विधानसभा में एसआईआर अभियान के नोटिस चरण से संबंधित समस्त कार्य सबसे पहले पूरा कर उत्कृष्ट कार्य निष्पादन का उदाहरण प्रस्तुत किया।

संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं ईआरओ दीपक रामचन्द्र शेट तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार रुड़की विकास अवस्थी ने प्रवीण कल्याणी को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने उनके समर्पण, कार्यकुशलता एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कर्मठ कार्मिक अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

पारदर्शिता और दक्षता के साथ अभियान पूरा करने का आह्वान

बैठक के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से एसआईआर अभियान को पूर्ण पारदर्शिता, दक्षता एवं समयबद्धता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी कार्मिक आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

तकनीकी शिक्षा विभाग प्रदेशभर में आयोजित करेगा रोजगार मेले

Mon Aug 10 , 2026
देहरादून : प्रदेशभर के 10 हजार बेरोजगार युवाओं को देशभर की विभिन्न बहु राष्ट्रीय कम्पनियों में रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा। इसके लिये तकनीकी शिक्षा विभाग प्रदेशभर में विशेष रोजगार मेलों का आयोजन करेगा। जिसके तहत गढ़वाल व कुमाऊं मण्डल में दो-दो मेलों का आयोजन किया जायेगा। जिसमें विद्यालयी शिक्षा, उच्च […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!