जनगणना में जल्दबाजी नहीं, हर जानकारी हो सटीक और पूरी – डीएम

  • चमोली में जनगणना कर्मियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
  • समयबद्धता और गोपनीयता पर विशेष जोर

गोपेश्वर (चमोली)। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत चमोली में जनगणना कर्मियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुक्रवार से शुरू हो गया है। प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कार्मिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में सटीकता, गोपनीयता और समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो।

डीएम ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय स्तर पर संचालित होने वाला महत्वपूर्ण कार्य है और इससे प्राप्त आंकड़े देश व प्रदेश की सामाजिक, आर्थिक और विकास योजनाओं का आधार बनते हैं। इसलिए जनगणना कार्य में लगे प्रत्येक कार्मिक की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिए कि हर परिवार और प्रत्येक व्यक्ति की जानकारी निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सही और पूर्ण रूप से दर्ज की जाए। डाटा संकलन और प्रविष्टि के दौरान किसी तरह की जल्दबाजी न की जाए। उन्होंने कार्मिकों को आगाह किया कि लापरवाही से जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है।

जिलाधिकारी ने कहा कि सूचनाओं की गोपनीयता भी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। कार्मिक जनगणना के दौरान प्राप्त जानकारी का सावधानीपूर्वक संधारण करें और निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन करें। साथ ही उन्होंने सभी कार्मिकों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। दो दिवसीय प्रशिक्षण में नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी, चार्ज अधिकारी, तकनीकी सहायक समेत जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना प्रक्रिया और उनके दायित्वों की जानकारी दी जा रही है। कार्मिकों को प्रपत्रों के संकलन, ऑनलाइन प्रक्रिया, मोबाइल एप्लीकेशन, डाटा एंट्री और आवश्यक अभिलेखों के संधारण का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें जनगणना कार्य में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। डीएम ने सभी कार्मिकों से पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बदरीनाथ में डीजे विवाद पर यूकेडी का प्रदर्शन, पुतला फूंका

Sat Sep 26 , 2026
गोपेश्वर (चमोली)। बदरीनाथ धाम में हाल में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में डीजे और तेज संगीत को लेकर उठे विवाद के बीच उत्तराखंड क्रांति दल ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर में प्रदर्शन किया। उक्रांद कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड पर केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सिंह सजवाण के नेतृत्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!