चमोली में मेडिकल कॉलेज की मांग ने पकड़ा जोर

  • भाजपा नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रभारी मंत्री भरत चैधरी को सौंपा ज्ञापन

गोपेश्वर (चमोली)। सीमांत जनपद चमोली में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने इस मुद्दे को शासन स्तर तक पहुंचाते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और चमोली के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चैधरी से मुलाकात कर मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि चमोली की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और दूरस्थ क्षेत्रों में सीमित स्वास्थ्य सुविधाओं के कारण गंभीर मरीजों को उपचार के लिए लंबे सफर पर निर्भर रहना पड़ता है। चमोली से एम्स ऋषिकेश की दूरी करीब तीन सौ किलोमीटर है। सड़क दुर्घटना, खेती-किसानी के दौरान हादसे या अन्य आकस्मिक घटनाओं में गंभीर मरीजों को समय पर उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा तक पहुंचाना पहाड़ में बड़ी चुनौती बन जाता है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि कई मामलों में मरीजों को पहले जिला अस्पताल या स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से दूसरे बड़े अस्पताल और फिर ऋषिकेश तक ले जाना पड़ता है। ऐसे में समय पर विशेषज्ञ उपचार नहीं मिल पाने से स्थिति गंभीर हो जाती है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सीमांत जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना होने से न केवल स्थानीय लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिलेगी, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।

नेताओं ने चमोली को सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सीमांत जनपद बताते हुए कहा कि यहां के युवा बड़ी संख्या में सेना में भर्ती होकर देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। ऐसे जिले के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे जनपदों की ओर जाने की मजबूरी खत्म होनी चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने सरकार को यह भी भरोसा दिलाया कि मेडिकल कॉलेज के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने में स्थानीय लोग सहयोग करेंगे। नेताओं ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर पहल करें तो मेडिकल कॉलेज चमोली में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ही चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर सकता है।

भाजपा नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारी मंत्री से मांग की कि चमोली की भौगोलिक परिस्थितियों, सीमांत क्षेत्र की संवेदनशीलता और स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज की स्थापना का प्रस्ताव शासन स्तर पर प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जाए।

इस दौरान पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुवीर सिंह बिष्ट, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, नगर पालिका गोपेश्वर अध्यक्ष संदीप सिंह रावत, पूर्व बदरी-केदार मंदिर समिति उपाध्यक्ष किशोर सिंह पंवार, जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र सिंह राणा आदि मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

गांधी-शास्त्री जयंती पर कलेक्ट्रेट में श्रद्धांजलि, गांवों में चला डिजिटल सेवा अभियान

Sun Oct 4 , 2026
गोपेश्वर (चमोली)। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को चमोली में कार्यक्रमों की धूम रही। कलेक्ट्रेट परिसर में दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी गई, वहीं जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में रिफॉर्म उत्सव एवं जन योजना अभियान के तहत ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!