15 सितंबर से हरिद्वार की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, डीएम मयूर दीक्षित ने कसी अफसरों की नकेल

  • जनपद की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
  • समयबद्ध अभियान चलाकर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं सभी मरम्मत कार्य : जिलाधिकारी मयूर दीक्षित
हरिद्वार : जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में बुधवार को सीसीआर सभागार, हरिद्वार में जनपद के समस्त सड़क मार्गों को गड्ढामुक्त किए जाने के लिए आगामी 15 सितम्बर से प्रस्तावित अभियान की तैयारियों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, नगर निगम, नगर पालिकाओं सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के सभी मुख्य मार्गों, संपर्क मार्गों एवं ग्रामीण सड़कों का तत्काल सर्वेक्षण कर गड्ढों को पहले से चिन्हित कर निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किए जाएं।
बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार सड़क मरम्मत कार्यों के संबंध में अब तक की गई कार्रवाई एवं प्रगति की समीक्षा की। साथ ही आगामी 15 सितंबर से प्रस्तावित अभियान के संचालन के लिए संबंधित विभागों द्वारा की गई तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि विभाग निर्धारित तिथि की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल सड़कों को गड्ढामुक्त करने के कार्य में जुट जाएं। वर्षा के कारण जिन सड़कों को अधिक क्षति पहुंची है, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य शुरू किए जाएं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सड़क मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करें। साथ ही सड़क मरम्मत से संबंधित किसी भी शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जलभराव वाले क्षेत्रों में मरम्मत से पहले जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मरम्मत कार्य टिकाऊ एवं प्रभावी हो सकें।
 जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अभियान को तेजी से संचालित करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपदवासियों को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग इस अभियान को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य को पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
बैठक में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप जिलाधिकारी योगेश कुमार, उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग डी.पी. सिंह, नगर आयुक्त ऋषिकेश विजय नाथ शुक्ल, उप मुख्य नगर अधिकारी दीपक गोस्वामी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल एसएमआई आई बैंक में 41वें नेत्रदान पखवाड़े का आयोजन, नेत्रदान से रोशन होगी जिंदगी, नेत्रदाताओं के परिवारों को मिला सम्मान

Thu Sep 10 , 2026
देहरादून। मृत्यु के बाद भी किसी के जीवन में रोशनी बनकर जीवित रहने का संदेश देते हुए श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल एसएमआई आई बैंक, देहरादून द्वारा 41वें नेत्रदान पखवाड़े के अवसर पर विशेष जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को नेत्रदान के प्रति जागरूक करना […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!