जनता मिलन में 19 शिकायतें, डीएम ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

गोपेश्वर (चमोली)। जिला सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने 19 शिकायतें रखीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

डुंग्री के ग्राम प्रधान ने पार्किंग स्थल पर निजी कंपनी के मशीन और वाहन बेतरतीब खड़े होने से मार्ग बाधित होने की शिकायत की। डीएम ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता को तत्काल मार्ग सुचारु कराने के निर्देश दिए। वहीं डुंग्री पेयजल लाइन के सुधारीकरण और कौंज-पोथनी-बेलीधार मोटर मार्ग की गुणवत्ता की जांच की मांग पर संबंधित अधिकारियों को जांच और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेंद्र सिंह रावत ने नारायणबगड़-परखाल और परखाल-डुंग्री मार्ग के सुधारीकरण तथा रैगांव के पास भूस्खलन उपचार की मांग रखी। डीएम ने लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा कार्य कराने को कहा। रुद्रनाथ पैदल मार्ग के पनार बुग्याल में घोड़े-खच्चरों के चरान पर रोक और क्षेत्र के अध्ययन की मांग पर प्रभागीय वनाधिकारी, केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग को जांच के निर्देश दिए।

जनता मिलन में महावीर सिंह रावत, सारिका देवी, मनीषा देवी, सुनीता देवी, जयलाल, शशी देवी, नीता देवी और डॉ. जसवंत लाल सहित अन्य लोगों ने भी शिकायतें रखीं। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न हो और फरियादियों को समय पर राहत मिले।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, परियोजना निदेशक आनंद सिंह और एसीएमओ डॉ. अभिषेक गुप्ता समेत विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

दिशा सालियन मौत मामले में CBI ने दर्ज की FIR, बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के बाद कार्रवाई

Tue Sep 15 , 2026
नई दिल्ली। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। यह कार्रवाई बॉम्बे हाई कोर्ट के उस आदेश के बाद हुई है, जिसमें […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!