कोटद्वार : डेढ़ साल से लापता युवती UP से बरामद

कोटद्वार : जनपद पौड़ी गढ़वाल में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और उनकी सकुशल बरामदगी के लिए चलाए जा रहे प्रयासों के तहत कोटद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने डेढ़ वर्ष से अधिक समय से लापता 24 वर्षीय युवती को सहारनपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से सकुशल बरामद कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और काउंसलिंग के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
 
जनवरी 2025 में दर्ज हुई थी गुमशुदगी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 जनवरी 2025 को कोटद्वार निवासी एक महिला ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। महिला ने बताया कि उनकी 24 वर्षीय पुत्री 14 जनवरी 2025 को घर से बिना बताए कहीं चली गई थी और वापस नहीं लौटी।
 
शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में गुमशुदगी क्रमांक 02/2025 दर्ज किया गया। पुलिस ने युवती की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए। डीसीआरबी और एएचटीयू पौड़ी गढ़वाल के माध्यम से जानकारी साझा करने, पंपलेट प्रसारित करने तथा विभिन्न स्थानों पर तलाश करने के बावजूद युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
 
इसके बाद पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 78/2025, धारा 140(3) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर युवती की तलाश दोबारा तेज की।
 
एसएसपी के निर्देश पर गठित की गई पुलिस टीम
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल सर्वेश पंवार ने लंबित गुमशुदगी के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए थे।
 
इन निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
 
पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। निरंतर प्रयासों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 24 अक्टूबर 2026 को युवती को सहारनपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।
 
सहारनपुर में युवक से शादी कर रह रही थी युवती
पुलिस के अनुसार, युवती का सहारनपुर निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग था। इसी कारण वह घर से बिना बताए चली गई थी। बाद में उसने युवक से शादी कर ली और उसके परिवार के साथ जीवनयापन कर रही थी।
 
पुलिस ने युवती की बरामदगी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और काउंसलिंग पूरी की। इसके बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

जामिया में छात्रसंघ चुनाव की मांग पर आंदोलन खत्म, प्रशासन ने मानीं तीन प्रमुख मांगें

Fri Oct 30 , 2026
छात्रसंघ गठन की मंजूरी के 15 दिन के भीतर होंगे चुनाव. निलंबन और कारण बताओ नोटिस वापस लेने पर सहमति. सुरक्षा कर्मचारियों की भूमिका की जांच के लिए बनेगी कमेटी. नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली स्थित जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर चल रहा […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!