विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, चमोली में 3674 ईवीएम-वीवीपैट की जांच पूरी

  • 633 मतदान केंद्रों के लिए मशीनों की एफएलसी संपन्न
  • एक और दो नवंबर को राजनीतिक दलों की मौजूदगी में होगा मॉकपोल

गोपेश्वर (चमोली)। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर चमोली में निर्वाचन तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले के 633 मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी कर ली गई है। अब एक और दो नवंबर को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मशीनों का मॉकपोल कराया जाएगा। इसके लिए कुल मशीनों में से पांच प्रतिशत का रेंडम चयन किया जाएगा।

ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस में इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) के अधिकृत इंजीनियरों ने निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार मशीनों की जांच की। पूरी प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में संपन्न हुई। इस दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने वेयरहाउस पहुंचकर एफएलसी कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और इंजीनियरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में केवल प्रथम स्तरीय जांच में सफल और प्रमाणित मशीनों का ही इस्तेमाल किया जाएगा। स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया है।

जिले में कुल 1,130 बैलेट यूनिट (बीयू), 1,250 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 1,294 वीवीपैट मशीनों की जांच पूरी हुई है। मॉकपोल के दौरान पांच प्रतिशत मशीनों का चयन कर उनकी कार्यक्षमता और मतों की रिकॉर्डिंग की जांच की जाएगी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत एक प्रतिशत मशीनों पर 1,200 वोट, दो प्रतिशत पर 1,000 वोट और शेष दो प्रतिशत मशीनों पर 500-500 वोट डालकर परीक्षण होगा। इससे मशीनों में मत दर्ज होने और वीवीपैट की पर्चियों के मिलान की तकनीकी विश्वसनीयता परखी जाएगी।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से मॉकपोल के दौरान अपने अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चुनाव से जुड़ी हर प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की सहभागिता पारदर्शिता और विश्वसनीयता के लिए जरूरी है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, 3200 ईवीएम-वीवीपैट की जांच पूरी

Sat Oct 31 , 2026
1 व 2 नवम्बर को राजनीतिक दलों की मौजूदगी में होगा मॉकपोल पांच प्रतिशत मशीनों पर होगा परीक्षण गोपेश्वर (चमोली)। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत चमोली में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) का काम तेजी से चल रहा है। 30 अक्टूबर तक जिले में […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!