कंडोलिया मैदान और सिरासू गंगा तट पर हुआ योगाभ्यास, बड़ी संख्या में लोगों ने की सहभागिता

पौड़ी : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में योग के प्रति लोगों में उत्साह लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग के तत्वावधान में कंडोलिया मैदान में लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। वहीं यमकेश्वर विकासखंड के सिरासू गांव स्थित गंगा तट पर भी स्थानीय लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी शैलेंद्र पाण्डेय ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में योग जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंडोलिया मैदान से बुधवार एवं गुरुवार को दो दिवसीय लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से योगाभ्यास कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोग घर बैठे भी योग कार्यक्रम से जुड़ सकें।

कंडोलिया मैदान में योग प्रशिक्षक दीपक नेगी एवं गीता देवी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। वहीं सिरासू गांव के पवित्र गंगा तट पर योग प्रशिक्षक मेनका आर्य एवं राहुल ने योगाभ्यास कराते हुए नियमित योग के महत्व और उससे होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी।

जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में योग कार्यक्रमों से जुड़ने और योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन में सकारात्मकता भी बढ़ाता है।

कार्यक्रम में डॉ. राकेश सेमवाल, डॉ. त्रिभुवन बेंजवाल, डीपीएम आशीष राणा सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

चार रिपब्लिकन सांसदों ने अनिश्चितकालीन युद्ध रोकने के डेमोक्रेट्स के प्रस्ताव का किया समर्थन

Thu Jun 4 , 2026
नई दिल्ली। द इंडियन एक्सप्रेस  के अनुसार, अमेरिकी सदन ने 215 के मुकाबले 208 मतों से युद्ध शक्ति प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया, जिसमें चार रिपब्लिकन सांसदों ने डेमोक्रेट सांसदों का साथ देते हुए ट्रंप को ईरान से अमेरिकी सैनिकों को वापस बुलाने का निर्देश दिया, जब तक कि […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!